रांची : यह तस्वीर उन लम्हों की है, जो अपनी जिंदगी को कचरे के देर में तलाश कर रहे हैं। यह वह तलाश का क्षण है जिसमें परिवार बच्चों की भविष्य के बीच अपनी जिंदगी को बदबू, गंदगी के बीच सुखद सपना ढूंढ रहे हैं। जिनसे परिवार बच्चों के पेट पालते हैं, और भविष्य तय होते हैं।शहर के अंदर- बाहर इलाके में स्थित कचरा की यह तस्वीर केवल गंदगी का दृश्य नहीं, बल्कि उस कठोर सामाजिक सच्चाई का आईना है जहां कई परिवार रोज़ सुबह उम्मीद के साथ निकलते हैं और शाम तक कचरे के ढेर में अपनी जिंदगी का सहारा तलाशते रहते हैं।
प्लास्टिक, लोहे के टुकड़े, बोतलें और अन्य कबाड़ के बीच झुके हुए ये लोग दरअसल अपने परिवार की भूख मिटाने की जंग लड़ रहे हैं। कचरा चुनने वाले एक व्यक्ति ने भर्राई आवाज में बताया कि उनकी कमाई का कोई निश्चित आधार नहीं है। कभी पूरे दिन की कड़ी मेहनत के बाद 500 से 600 रुपये मिल जाते हैं, तो कई बार सिर्फ 100 या 200 रुपये ही हाथ आते हैं। इसी अनिश्चित कमाई से घर का चूल्हा जलता है, बच्चों की पढ़ाई चलती है और परिवार की छोटी-बड़ी जरूरतें पूरी होती है।

सबसे मार्मिक पहलू यह है कि ये लोग अपनी अगली पीढ़ी को इस नारकीय जीवन से बाहर निकालना चाहते हैं। वहीं कचरे के देर में जिंदगी की तलाशते एक व्यक्ति ने कहा, “हम नहीं चाहते कि हमारे बच्चे भी कचरे में जिंदगी खोजें। इसलिए उन्हें सरकारी स्कूल में पढ़ा रहे हैं, ताकि वे हमसे बेहतर जीवन जी सकें।” गरीबी और अभाव के बीच पलता यह सपना ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। कचरे में जिंदगी तलाश करने वाले, कचरे में काम करने वाले,परिवार रोज़ जहरीली बदबू, धुएं, गंदगी और संक्रमण के खतरे के बीच घंटों मेहनत करते हैं। बरसात में कचरा सड़ने लगता है, पानी भर जाता है और बीमारी का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
इसके बावजूद न स्थायी रोजगार है, न स्वास्थ्य सुरक्षा, न बीमा और न ही कोई ठोस सामाजिक संरक्षण। यह दृश्य केवल गरीबी का आंकड़ा नहीं, बल्कि व्यवस्था से छूट गए उन चेहरों की कहानी है जो समाज के कचरे से रोज़ी कमाकर सम्मान जीवन जीने की चाहत रखते हैं। कचरे के इन पहाड़ों के बीच भी वे अपने बच्चों के लिए बेहतर कल का सपना संजोए हुए हैं—और यही सपना उन्हें हर दिन बदबूदार ढेर में लौटने को मजबूर कर देता है, और वे फिर नई उम्मीद के सहारे जिंदगी की सुखद भविष्य को लेकर, कचरे के देर में जिंदगी की तलाश शुरू कर देते हैं।






