कोडरमा: कोडरमा जिले की चंदवारा पुलिस ने उरवां पेट्रोल पंप के समीप हुई आभूषण छिनतई की सनसनीखेज वारदात का सफल खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम द्वारा की गई। घटना में चंदवारा निवासी अशोक सोनी से उनकी मोटरसाइकिल की डिक्की में रखे आभूषणों से भरा बैग अपराधियों ने छीन लिया था। पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर वैज्ञानिक और तकनीकी तरीकों से जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस को आरोपियों के ओडिशा के जाजपुर जिले में छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद विशेष टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर गिरोह की एक महिला सदस्य को कोडरमा रेलवे स्टेशन के पास से दबोच लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर छिनतई किए गए आभूषणों की शत-प्रतिशत बरामदगी की। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल, डिक्की खोलने के लिए प्रयुक्त टी-आकार की मास्टर-की, दो मोबाइल फोन, ज्वेलरी मापक यंत्र और अन्य सामान भी जब्त किया गया। बरामद आभूषणों में पायल, चेन, अंगूठियां, बिछिया, कंगन, ताबीज, लॉकेट और अन्य चांदी के आभूषण शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी एक अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े हैं, जो विभिन्न राज्यों में ऐसी घटनाओं को अंजाम देता था। कोडरमा पुलिस ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई भविष्य में भी लगातार जारी रहेगी।






