जमशेदपुर : दिनांक 10 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने बागबेड़ा थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। एसएसपी ने थाना की कार्यप्रणाली, रात्रि गश्ती व्यवस्था तथा अपराध नियंत्रण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने निर्देश दिया कि मुख्य सड़कों के साथ-साथ थाना क्षेत्र की अंदरूनी गलियों में भी नियमित और सघन गश्ती की जाए। विशेष रूप से उन स्थानों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया, जहां असामाजिक तत्वों द्वारा देर रात अड्डेबाजी की जाती है। उन्होंने एंटी क्राइम चेकिंग अभियान को और प्रभावी बनाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों की लगातार जांच करने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को अवैध आग्नेयास्त्र, अवैध चाकू तथा अन्य प्रतिबंधित हथियारों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया, ताकि आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। साथ ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने तथा अपराधियों के खिलाफ त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।






