सुपौल : सुपौल सदर थाना क्षेत्र के सुकपुर सोलनी पंचायत स्थित ढोरे कटैया वार्ड संख्या-17 में वर्षों पुराने भूमि विवाद ने एक युवक की जान ले ली। शुक्रवार को धारदार हथियारों से हुए जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल 20 वर्षीय नीतीश कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की दोपहर नीतीश कुमार साइकिल से नुनुपट्टी से अपने घर लौट रहा था।
आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे करीब 15 से 16 लोगों ने उसे रास्ते में घेर लिया और दबिया, कुदाल समेत अन्य धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उसका दाहिना हाथ लगभग कटकर अलग हो गया, जबकि सिर पर भी कई गंभीर वार किए गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने लहूलुहान हालत में युवक को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डीएमसीएच, दरभंगा रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक के पिता रामबहादुर यादव ने बताया कि पड़ोसी रविन्द्र यादव के साथ करीब दो कट्ठा जमीन को लेकर पिछले आठ वर्षों से विवाद चल रहा था।

उनका आरोप है कि इसी रंजिश में सुनियोजित तरीके से उनके बेटे पर जानलेवा हमला कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों का बयान दर्ज किया है। एसपी शरथ आर एस ने बताया कि भूमि विवाद में युवक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई है। मामले में नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।






