सरायकेला : झारखंड में शांति और जनसुरक्षा को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा तथा कोल्हान प्रक्षेत्र के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा शुक्रवार को सरायकेला पहुंचे। परिसदन पहुंचने पर पुलिस बल ने औपचारिक सलामी दी और वरिष्ठ अधिकारियों का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने जिला पुलिस के शीर्ष अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक कर मौजूदा हालात का आकलन किया।
बैठक में आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम, पुलिसिंग की गुणवत्ता, नियमित पेट्रोलिंग, त्वरित कार्रवाई प्रणाली और आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि अपराधियों पर कड़ी नजर रखी जाए, संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता बढ़ाई जाए और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह तैयार रहे।

उन्होंने जनविश्वास बढ़ाने के लिए प्रभावी एवं जवाबदेह पुलिस व्यवस्था पर भी बल दिया। वरिष्ठ अधिकारियों ने नगर क्षेत्र में लागू सुरक्षा इंतजामों का भी निरीक्षण किया और आवश्यक सुधार संबंधी सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि सतत निगरानी, बेहतर समन्वय और सक्रिय पुलिसिंग से ही कानून का प्रभावी पालन सुनिश्चित किया जा सकता है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी, एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज, डीएसपी मुख्यालय सहित जिले के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।






