सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर निर्णायक प्रहार का संकेत देते हुए पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने मंगलवार को स्वयं बाइक पर सवार होकर आदित्यपुर थाना क्षेत्र की सड़कों पर उतरे। चौक-चौराहों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया और पुलिस बल की सतर्कता परखते हुए अपराधियों को सीधी चेतावनी दी।
एसपी ने दो टूक शब्दों में कहा कि “अपराधियों के सामने अब केवल दो ही रास्ते हैं—अपराध छोड़ दें या जिला छोड़ दें। यदि इसके बाद भी कोई कानून को चुनौती देगा, तो उसके खिलाफ ऐसी कानूनी कार्रवाई होगी जो नजीर बनेगी।” उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अपराध, गुंडागर्दी, रंगदारी, नशे का कारोबार और महिलाओं से छेड़छाड़ जैसी घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस की कार्रवाई अब और अधिक तेज, सटीक तथा निरंतर होगी। किसी भी अपराधी को कानून के शिकंजे से बचने का अवसर नहीं मिलेगा। एसपी की बाइक पेट्रोलिंग पूरे आदित्यपुर क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

सड़क पर पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी ने आम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास का माहौल पैदा किया है, जबकि अपराधियों और मनचलों में दहशत और खौफ भर दिया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस सक्रिय कार्यशैली की खुलकर सराहना करते हुए कहा कि जब जिले का कप्तान स्वयं सड़क पर उतरकर निगरानी करता है, तो अपराधियों के हौसले स्वतः पस्त हो जाते हैं। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अपराध या असामाजिक तत्व की सूचना तुरंत पुलिस को दें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जिले में कानून का राज कायम रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभियान पूरी सख्ती के साथ लगातार जारी रहेगा।






