रांची : झारखंड पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू ने राज्य में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के बीच पुलिस अधीक्षकों (एसपी) के तबादलों को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि किसी बड़ी आपराधिक घटना के बाद केवल संबंधित जिले के एसपी का चेहरा बदल देना अपराध नियंत्रण का स्थायी समाधान नहीं है। इससे व्यवस्था की मूल कमियां दूर नहीं होतीं और अपराध की चुनौती बनी रहती है।
राहुल मुर्मू ने कहा कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस तंत्र को पर्याप्त संसाधन, आधुनिक तकनीक, पर्याप्त पुलिस बल, खुफिया तंत्र की मजबूती और जवाबदेह प्रशासनिक व्यवस्था की आवश्यकता है। यदि इन बुनियादी पहलुओं पर ध्यान नहीं दिया जाएगा तो केवल अधिकारियों के स्थानांतरण से अपेक्षित परिणाम नहीं मिलेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे स्वयं राज्य की कानून-व्यवस्था की समग्र समीक्षा करें और यह आकलन करें कि अपराध बढ़ने के पीछे वास्तविक कारण क्या हैं।

उन्होंने कहा कि लगातार तबादलों से पुलिस अधिकारियों और जवानों का मनोबल भी प्रभावित होता है, जबकि अपराधियों के खिलाफ दीर्घकालिक रणनीति बनाना अधिक जरूरी है। पुलिस एसोसिएशन अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि सरकार को तात्कालिक कार्रवाई के बजाय पुलिस व्यवस्था में व्यापक सुधार, संसाधनों की उपलब्धता, प्रशिक्षण और समन्वय पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उनका मानना है कि कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जवाबदेही तय करने के साथ-साथ पुलिस बल को आवश्यक सहयोग और सुविधाएं भी उपलब्ध करानी होंगी। तभी राज्य में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा और जनता का पुलिस तथा शासन-प्रशासन पर विश्वास और मजबूत होगा






