रांची : सरकारी वाहन को लेकर उत्पन्न विवाद के बाद राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने अपनी सुरक्षा में लगी तीन सरकारी गाड़ियां और 16 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती समाप्त कर दी है। उन्होंने बताया कि 29 जून से वह बिना किसी सुरक्षा घेरे के सार्वजनिक कार्यक्रमों और सरकारी कार्यों में शामिल हो रहे हैं।
इस संबंध में उन्होंने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पत्र भेजकर अपना निर्णय औपचारिक रूप से अवगत करा दिया है और भविष्य में भी सुरक्षा सुविधा लेने से स्पष्ट इनकार कर दिया है। जानकारी के अनुसार, मंत्री ने सुरक्षा बलों के सुचारु संचालन के लिए अतिरिक्त वाहन उपलब्ध कराने का अनुरोध करते हुए डीजीपी को लगातार तीन पत्र भेजे थे, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

इसी दौरान वित्त विभाग के संयुक्त सचिव पंकज कुमार सिंह ने पुलिस मुख्यालय के पूर्व आदेश का उल्लेख करते हुए मंत्री के आप्त सचिव को एक पत्र जारी किया। उसमें सुरक्षा ड्यूटी में लगी एक सरकारी गाड़ी वापस करने का निर्देश दिया गया था, ताकि उसे पुलिस मुख्यालय को सौंपा जा सके। इस घटनाक्रम पर नाराजगी जताते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि उनके आप्त सचिव को इस प्रकार नोटिस जारी करना अनुचित और अपमानजनक है। उन्होंने इसे गरिमा के विपरीत बताते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।






