सरायकेला : गम्हरिया प्रखंड के बड़ा हरिहरपुर गांव में शनिवार, 20 जून 2026 को कोल्हान महिला मंडल गम्हरिया की ओर से एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम दोपहर 1 बजे आयोजित हुआ, जिसमें गांव की बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को महिला मंडल से जोड़ना तथा संगठन की गतिविधियों, उद्देश्यों और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न
योजनाओं की जानकारी देते हुए कमेटी का विस्तार करना है।
बैठक की अध्यक्षता , अध्यक्ष मंजू कुमारी द्वारा किया गया। बैठक में मुख्य रूप से श्रीमती श्यामली दास, श्रीमती गायत्री बेज एवं श्रीमती बबिता हांसदा ने संयुक्त रूप से एवं अन्य महिलाओं ने भाग लिया। इस दौरान उपस्थित महिलाओं को बताया गया कि महिला मंडल के माध्यम से वे सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक रूप से सशक्त बन सकती हैं।

संगठन से जुड़कर महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ स्वरोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक विकास से संबंधित गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभा सकती हैं। बैठक में महिलाओं को एकजुट होकर समाज के विकास में योगदान देने, आत्मनिर्भर बनने तथा महिला अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में कई महिलाओं ने महिला मंडल की सदस्यता ग्रहण करने में रुचि दिखाई और संगठन के साथ मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।






