रांची : झारखंड में आयोजित होने वाली NEET-UG परीक्षा को लेकर राज्य प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचार मुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। राज्य की डीजीपी तदाशा मिश्रा ने सभी जिलों के, वरीय पुलिस अधीक्षकों, पुलिस अधीक्षकों, रेल एसपी और संबंधित अधिकारियों को परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने का आदेश दिया है।
डीजीपी ने निर्देश दिया है कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। परीक्षा केंद्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन और परीक्षा अवधि के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके साथ ही साइबर निगरानी बढ़ाने तथा सोशल मीडिया पर अफवाहों और पेपर लीक जैसी भ्रामक सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

प्रशासन ने केंद्राधीक्षकों और जिला अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है। परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वारों पर सघन जांच, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध तथा अभ्यर्थियों की पहचान सत्यापन की प्रक्रिया को भी सख्ती से लागू किया जाएगा। राज्य पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और गड़बड़ी फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






