हजारीबाग : हजारीबाग जिले से दिल दहला देने वाली घटना का खुलासा आज पुलिस ने कर दी है। कटकमदाग थाना क्षेत्र से लापता 11 वर्षीय बच्ची और उसके 3 वर्षीय मासूम भाई की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में जो खुलासा हुआ है, उसने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है।
पुलिस के अनुसार, सिंदूर निवासी आरोपी संजीत पासवान ने बच्ची और उसके छोटे भाई को मोबाइल दिलाने, घूमने और खिलाने का झांसा देकर अपनी स्कूटी पर बैठाया और सुनसान शमशान घाट ले गया। वहां बच्ची के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की गई। विरोध करने पर आरोपी ने बच्ची की गला दबाकर और पानी में डुबोकर हत्या कर दी।

हैवानियत यही नहीं रुकी। घटना का गवाह बने 3 वर्षीय मासूम भाई को भी आरोपी ने गला दबाकर मार डाला और उसके शव को बोरे में भरकर कुएं में फेंक दिया। घटना के बाद पूरे जिले में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष साक्ष के आधार पर आरोपी की पहचान की। मंगलवार को आरोपी को जिले से भागने की कोशिश के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्कूटी और अन्य सामान भी बरामद कर लिया गया है।





