जमशेदपुर : जमशेदपुर के चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में देश की पहली और अनूठी प्राइवेट पार्टनरशिप की मिसाल पेश करने वाला मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज (MTMC) आगामी 1 जून को अपना पहला दीक्षांत समारोह मनाने जा रहा है। मणिपाल एकेडमी ऑफ हायर एजुकेशन (MAHE) एक उत्कृष्ट संस्थान (Deemed-to-be-University) है।
जो घटक इकाई के रूप में कार्यरत MTMC का यह आयोजन न केवल इस संस्थान बल्कि पूरे पूर्वी भारत की स्वास्थ्य सेवा शिक्षा के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है। बारीडीह स्थित MTMC परिसर में 1 जून को सुबह 11:30 बजे से शुरू होने वाले इस भव्य समारोह में कॉलेज के पहले MBBS बैच शैक्षणिक सत्र 2020-21 के कुल 133 युवा चिकित्सकों को उनकी मेडिकल डिग्री प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही ये युवा डॉक्टर स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में देश और समाज की सेवा के लिए अपने पेशेवर सफर की शुरुआत करेंगे।

इस ऐतिहासिक अवसर पर झारखंड के माननीय राज्यपाल संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और दीक्षांत भाषण देंगे। उनके साथ झारखंड सरकार के माननीय स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री इरफान अंसारी और भारत सरकार के गृह मंत्रालय के वरिष्ठ सलाहकार विजय कुमार भी विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह की शोभा बढ़ाएंगे। इस उत्सव में MAHE और
टाटा स्टील का शीर्ष नेतृत्व, MTMC गवर्निंग काउंसिल के सदस्य, शिक्षक, स्वास्थ्य सेवा विशेषज्ञ और विद्यार्थियों के अभिभावक भी मौजूद रहेंगे।





