जमशेदपुर:बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित टाटानगर स्टेशन परिसर में रविवार देर रात दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे शहर को हिला दिया। रनिंग रूम के ठीक सामने बाइक सवार दो अपराधियों ने लोको पायलट ज्ञानेंदु कुमार गौतम की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक ज्ञानेंदु कुमार गौतम आदित्यपुर के रहने वाले थे और रेलवे में लोको पायलट के पद पर कार्यरत थे। रविवार देर रात करीब 12:30 बजे वे मालगाड़ी लेकर टाटानगर स्टेशन पहुंचे थे। ड्यूटी खत्म होने के बाद लगभग 12:40 बजे वे शौच के लिए संयुक्त चालक और परिचालक लॉबी की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान रनिंग रूम के गेट पर पहले से घात लगाए बाइक सवार दो बदमाशों ने पीछे से उनके सिर में सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही जीके गौतम मौके पर गिर पड़े और अपराधी तेजी से स्टेशन परिसर से फरार हो गए।

गोली की आवाज सुनते ही रनिंग रूम में मौजूद अन्य रेलकर्मी बाहर निकले। खून से लथपथ हालत में गौतम को तुरंत रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। घटनास्थल से पुलिस ने 9mm का एक खोखा बरामद किया है।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी ललित मीना और डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर तौकीर आलम तत्काल मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया और अधीनस्थों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस की कई टीमें गठित कर अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापामारी शुरू कर दी गई। पूरे स्टेशन परिसर और आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मृतक लोको पायलट जीके गौतम रेलवे की नौकरी के साथ-साथ ठेकेदारी और जमीन की खरीद-बिक्री का काम भी करते थे। पुलिस हत्या के पीछे व्यावसायिक रंजिश, जमीन विवाद समेत सभी एंगल से जांच कर रही है। परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद रेलकर्मियों में भारी आक्रोश है। कर्मचारियों ने स्टेशन परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि रनिंग रूम जैसे संवेदनशील स्थान पर अपराधियों का बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देना पुलिस की लचर व्यवस्था को दर्शाता है। रेलवे यूनियन ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और रेलकर्मियों की सुरक्षा पुख्ता करने की मांग की है।
सिटी एसपी ललित मीना ने कहा कि अपराधियों की पहचान कर ली गई है, जल्द गिरफ्तारी होगी। हत्या के कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया है।
इस घटना ने एक बार फिर शहर में बढ़ते अपराध और अपराधियों के बेखौफ हौसले पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




