जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर में ट्रैफिक नियम तोड़ने और तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर से उत्पात मचाने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. जहां अलग- अलग थाना क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के तहत जब्त किए गए साइलेंसर को बुलडोजर से नष्ट कर पुलिस ने सख्त संदेश दिया. पुलिस के अनुसार अब तक 150 से अधिक बाइकों से अवैध साइलेंसर जब्त किए जा चुके हैं.

इन साइलेंसर को सार्वजनिक रूप से नष्ट किया गया, ताकि लोगों में कानून का भय बना रहे और नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके. बताया गया कि लंबे समय से शहर में तेज आवाज वाले साइलेंसर लगाकर बाइक चलाने की शिकायत मिल रही थी, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. इस संबंध में सिटी एसपी कुमार शिवाशिष ने स्पष्ट कहा कि शहर में मॉडिफाइड साइलेंसर किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.




