Saraikela (संजीव मेहता) : सरायकेला-खरसावां जिला के परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो के नेतृत्व में बीती शाम चांडिल स्थित पाटा टोल गेट पर अवैध पार्किंग एवं सड़क पर खतरनाक ढंग से वाहनों के खड़े रहने की समस्या के निराकरण हेतु विशेष जांच अभियान चलाया गया.अभियान के दौरान मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत कुल 18 वाहनों पर दंडात्मक कार्रवाई करते हुए जुर्माना की राशि वसूल की गई है.

जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा वाहन चालकों एवं संचालकों को सख्त निर्देश दिया गया कि किसी भी स्थिति में राष्ट्रीय/राज्य मार्ग अथवा सार्वजनिक सड़कों के किनारे अवैध रूप से वाहन खड़ा नहीं करें तथा यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करें. उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क पर अव्यवस्थित एवं खतरनाक पार्किंग से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है, जिसे किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को नियमित रूप से इस प्रकार के सघन जांच अभियान चलाने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. इस अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी के साथ सड़क सुरक्षा टीम एवं चांडिल थाना के पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे.





