धनबाद : धनबाद कुछ ऐसे अपराधी सक्रिय हैं, जो एटीएम में छेड़छाड़ कर लोगों को आर्थिक चुना लगाने में जुटे हैं। एक ऐसा ही मामला धनबाद के केंदुआडीह थाना क्षेत्र स्थित कुसतौर एसबीआई एटीम से सामने आया है। जहां से पुलिस ने तेतुलमारी थाना क्षेत्र निवासी धीरज कुमार पासवान को गिरफ्तार किया है जो इसी तरह के अपराध में संलिप्त था। केंदुआडीह थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर प्रमोद पांडेय ने इस संबंध में बताया कि कुसतौर स्थित एसबीआई का एटीएम जो फिलहाल गार्ड रहित हैं।
वहां पिछले दिनों से कुछ संदिग्ध गतिविधियां देखी गई थी, जिसके बाद स्थानीय लोगों को ऐसी किसी घटना से पहले ही जागरूक कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि इसी दौरान आज पास के ही महफूज आलम अपना पैसा निकालने उक्त एटीएम पहुंच मशीन से अपना पैसा निकालने का प्रयास किया, इस दौरान उनका पैसा तो उनके एकाउंट से कट गया, लेकिन रुपया मशीन से बाहर नही निकला। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पास के लोगों से दी।

इसके कुछ समय बाद ही धीरज कुमार पासवान नामक युवक एटीएम पहुंच उक्त रुपयों को निकालने लगा। इसी दौरान लोगों ने उसे दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया। केंदुआडीह इंस्पेक्टर ने बताया कि गिरफ्तार युवक ने एटीएम मशीन के रुपये निकलने वाले जगह पर टिन का एक बॉक्स लगा उसे काले टेप से ढक दिया था, ताकि कोई पैसा निकाले तो उसका रुपया उसी बॉक्स में फंस जाए और वो बाद में उसे आसानी से निकाल सके। पुलिस ने गिरफ्तार युवक के पास से एक मोबाइल फोन, किसी दूसरे का एटीएम कार्ड और टिन का बॉक्स बरामद किया है। पुलिस ने फिलहाल उसे जेल भेज दिया है।




