जमशेदपुर : जमशेदपुर में इन दिनों कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई कम होने के कारण गैस एजेंसी में लग रही भारी भीड़ है। जिसके कारण होटल, ढाबा और छोटे व्यवसायियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।, लेकिन इसकी मांग में अचानक भारी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार पिछले कुछ दिनों में घरेलू गैस की बुकिंग संख्या लगभग दोगुनी हो गई है। पहले जहां एक एजेंसी में औसतन प्रतिदिन करीब 100 सिलेंडरों का वितरण किया जाता था, वहीं अब बुकिंग बढ़कर करीब 170 से 180 तक पहुंच गई है। अचानक बढ़ी इस मांग के कारण एजेंसियों को डोर स्टेप डिलीवरी करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और इसके कारण कई जगह उपभोक्ताओं को गैस मिलने में देरी भी हो रही है।

संचालकों का कहना है कि गैस के दाम बढ़ने की खबरों के बाद लोगों में यह डर बैठ गया है कि आने वाले दिनों में कीमतें और बढ़ सकती हैं। इसी आशंका के कारण कई उपभोक्ता जरूरत से ज्यादा सिलेंडर बुक कर स्टोर करने लगे हैं, जिससे बुकिंग का दबाव बढ़ गया है। हालांकि गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि घरेलू गैस की सप्लाई पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है। उपभोक्ताओं से अपील की जा रही है कि वे जरूरत के अनुसार ही गैस बुक करें, ताकि सभी तक समय पर सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।




