गिरिडीह : नगर थाना क्षेत्र के हुट्टी बाजार स्थित रविदास मुहल्ला में डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 05 मार्च 2026 को हुट्टी बाजार स्थित रविदास मुहल्ला में डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। इसी दौरान अजय दास नामक युवक को चाकू मार दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद नगर थाना में 07 नामजद आरोपियों के विरुद्ध कांड संख्या 51/26 दिनांक 06.03.2026 को भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रथम नीरज कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। एसआईटी टीम ने मानवीय आसूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पहले राहुल दास (21 वर्ष), ललिता देवी (35 वर्ष) और राजन दास (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। इसके बाद शेष आरोपी रोहित दास, रवि दास और रोनी दास को भी गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। पुलिस ने आरोपी रोहित दास की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।




