गम्हरिया : टाटा स्टील गम्हरिया परिसर में 77वें गणतंत्र दिवस का आयोजन गरिमा, अनुशासन और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम सिक्युरिटी विभाग के समक्ष आयोजित हुआ, जहां मुख्य अतिथि टीएसजी प्लांट चीफ श्री रंजन कुमार सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर औपचारिक सलामी दी।
झंडोत्तोलन से पूर्व मुख्य अतिथि द्वारा सुरक्षा बलों की परेड का निरीक्षण किया गया। इसके उपरांत उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों एवं अतिथियों को संबोधित करते हुए गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में श्री सिंह ने वर्तमान वैश्विक परिदृश्य का उल्लेख करते हुए कहा कि बदलते हालात में संगठन की भूमिका केवल उत्पादन तक सीमित नहीं रह जाती। उन्होंने ऑपरेशनल एक्सीलेंस, डिजिटलीकरण और सुरक्षा को संगठन की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि सेफ्टी किसी प्रक्रिया मात्र नहीं, बल्कि मानव जीवन के प्रति सम्मान को दर्शाने वाला संगठनात्मक मूल्य है।

उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी स्मरण कराता है। ईमानदारी, अनुशासन और टीमवर्क के साथ उच्चतम मानकों का पालन करते हुए सम्मानजनक कार्य संस्कृति को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर उन्होंने बल दिया। उन्होंने यह भी कहा कि भारत के विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में अग्रसर होने के साथ-साथ गम्हरिया जैसे औद्योगिक केंद्रों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। नवाचार, कौशल विकास और सतत सुधार के माध्यम से टाटा स्टील गम्हरिया को इस्पात उत्पादन के क्षेत्र में एक बेंचमार्क के रूप में स्थापित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों एवं संविधान निर्माताओं को नमन करते हुए उनके आदर्शों को दैनिक कार्यों में आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।
समारोह के समापन से पूर्व उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सुरक्षाकर्मियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री अनिल कुमार सिंह द्वारा किया गया। आयोजन की समस्त तैयारियां ईएस एंड सीआर हेड श्री प्रमोद कुमार के निर्देशन में संपन्न हुईं। अंत में सीएस विभाग के एरिया मैनेजर श्री महेंद्र सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत कर कार्यक्रम का औपचारिक समापन किया।
नवाचार, कौशल विकास और सतत सुधार के माध्यम से टाटा स्टील गम्हरिया को इस्पात उत्पादन के क्षेत्र में एक बेंचमार्क के रूप में स्थापित करने की प्रतिबद्धता : रंजन कुमार सिंह




