रांची :राज्य में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन को लेकर उत्पाद आयुक्त लोकेश मिश्रा ने सख्त रुख अपनाते हुए कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिया है । इस संबंध में उन्होंने राज्य के सभी उपायुक्तों को पत्र लिखकर जिला प्रशासन और पुलिस से सहयोग मांगा है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी थाना या उत्पाद अंचल क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, संचयन या खपत की सूचना मिलती है, तो इसके लिए संबंधित थाना प्रभारी और उत्पाद अंचल अवर निरीक्षक सीधे तौर पर जिम्मेदार होंगे।

उत्पाद आयुक्त ने लिखा है कि उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग में कर्मियों की कमी के कारण सभी क्षेत्रों में पर्याप्त निगरानी और नियमित छापेमारी संभव नहीं हो पा रही है। ऐसे में जिला स्तर पर समन्वय के साथ विशेष अभियान चलाने की आवश्यकता है। अवैध शराब के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन से सक्रिय सहयोग की बात कही गई है।। पत्र में यह भी निर्देश दिया गया है कि अवैध उत्पाद पदार्थों के परिवहन पर रोक लगाने के लिए सभी प्रमुख सड़कों पर सातों दिन 24 घंटे गश्ती कराई जाए। इसके अलावा जिले के सभी अंचल अवर निरीक्षक (उत्पाद) और थाना प्रभारियों की संयुक्त बैठक कर उन्हें सख्त निर्देश देने को कहा गया है। उत्पाद आयुक्त ने विशेष रूप से अवैध शराब के विरुद्ध रणनीति बनाकर कार्य करने की बातें कही है।रोड किनारे स्थित ढाबों और लाइन होटलों में खड़े टैंकर, कंटेनर और ट्रकों की नियमित जांच के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अवैध शराब की तस्करी रोकी जा सके।




