सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर शनिवार रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें एक बाइक सवार शिक्षक की जान चली गई। यह घटना घोड़लीली के समीप उस समय घटी, जब एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। मृतक की पहचान रांची के नामकुम स्थित श्रीनगर कॉलोनी निवासी 38 वर्षीय पुनीत कांगड़ के रूप में हुई है।
वे नामकुम के एक निजी विद्यालय में अध्यापक के रूप में कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, पुनीत अपने परिवार के साथ जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में एक पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। परिवार कार से वहां पहुंचा था, लेकिन कार्यक्रम के बाद पुनीत अकेले बाइक से रांची लौट रहे थे। इसी दौरान एनएच-33 पर घोड़लीली के पास तेज गति से आ रहे किसी वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद वाहन चालक मौके से भाग निकला। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस से उन्हें एमजीएम अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। देर रात परिवार अस्पताल पहुंचा और शव की शिनाख्त की। बताया गया है कि पुनीत परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके पीछे पत्नी और एक छोटा बच्चा है। रविवार को पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस हिट एंड रन मामले में फरार वाहन और चालक की तलाश कर रही है तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।






