सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार द्वारा, क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती को रोकने के उद्देश्य से सशस्त्र सीमा बल की 26वीं कैंप, मटकमडीह, के जवानों के सहयोग से हेसाकोंचा पंचायत अंतर्गत ग्राम मुटुदा के आसपास के पहाड़ी और जंगली क्षेत्रों में निरीक्षण किया। इस दौरान खेतों का न केवल भौतिक निरीक्षण किया गया बल्कि ड्रोन के माध्यम से भी स्थिति का मूल्यांकन किया गया।

जांच में यह सामने आया कि कुछ भूमि पर सरसों, मटर, आलू और चना की फसल उगाई गई थी, जबकि अधिकांश खेत खाली पाए गए। इसके अतिरिक्त, ग्रामवासियों के बीच अफीम की खेती के दुष्प्रभाव और कानून का महत्व समझाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया। किसानों को वैकल्पिक फसल उगाने के लिए चना, गेहूं, सरसों और मटर के बीज वितरित किए गए, ताकि वे स्वस्थ और वैध खेती की ओर प्रोत्साहित हो सकें। इस प्रयास से क्षेत्र में अवैध खेती पर नियंत्रण और स्थायी कृषि विकास को बढ़ावा मिलेगा।






