रांची : बाढ़ अनुमंडल के सालिमपुर थाना क्षेत्र में एक हिंसक घटना में आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए। ये घटना लखीपुर निवासी कन्हैया शर्मा के शव मिलने के बाद हुई। कन्हैया शर्मा 16 दिसंबर की शाम अपने भाई के साथ रामनगर दियारा के खेत में गए थे, जहां कुछ हथियारबंद लोगों ने उन्हें जबरन अपने साथ ले लिया था।
उनके परिजन शुरू से अपहरण और हत्या की आशंका जता रहे थे। परिजन की शिकायत पर सालिमपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसमें 14 लोगों के नाम शामिल किए गए। अब तक 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।गुरुवार को कन्हैया का शव गंगा नदी से मिलने के बाद ग्रामीणों में रोष फैल गया और उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए हंगामा किया। गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई और इस दौरान 5 से 7 पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनका इलाज बख्तियारपुर सीएचसी में किया गया।

घायलों में अनंत कुमार, मनोज कुमार, सतीश चंद्र, राजेश गुप्ता सहित अन्य शामिल हैं। एसडीपीओ-2 आशीष कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है। वहीं एसडीपीओ-2 आयुष श्रीवास्तव ने कहा कि गिरफ्तार लोगों से पूछताछ जारी है और जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की संवेदनशीलता को उजागर कर दिया है।






