जमशेदपुर : डॉ. श्रीकृष्ण सिन्हा संस्थान, बिष्टुपुर, जमशेदपुर के सभागार में संस्थान के महासचिव डॉ. हरिबल्लभ सिंह ‘आरसी’ की अध्यक्षता में वंदे मातरम् समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस शुभ अवसर पर संस्थान के महासचिव के द्वारा ‘वंदे मातरम् सम्मान’ देकर विशिष्ट लोगों को सम्मानित किया जिसमें आरका जैन विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. डॉ. एस. एस रज्जी, बिहार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष डॉ. एस. के. सिंह एवं तुलसीभवन के मानद सचिव प्रसेनजित तिवारीजी को सम्मानित किया गया।

सम्मानित अतिथियों ने वंदे मातरम् गीत की महिमा और गरिमा पर प्रकाश डाला। अपने संबोधन में प्रो. डॉ. एस. एस. रज्जी ने राष्ट्रगीत को भारत की आत्मा कहा। डॉ. एस. के. सिंह ने इसे भारतीय संस्कृति का संवाहक कहा। प्रसेनजित तिवारी ने भारत की सांस्कृतिक आत्मा कहा। डॉ. हरिबल्लभ सिंह आरसी ने वंदे मातरम् गीत को राष्ट्र का महामंत्र कहा। इस शुभ अवसर पर झारखंड स्थापना दिवस की बधाई दी गई। भगवान बिरसा मुंडा एवं शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी गई। स्वागत वक्तव्य प्रो. डॉ. अंगद तिवारी संस्थान के सचिव ने किया एवं संचालन डॉ. श्यामलाल पांडेय एवं धन्यवाद ज्ञापन प्राचार्या पूर्णिमा त्रिपाठी ने किया। इस समारोह के शुभ अवसर पर विद्यालय के नन्हें मुन्ने छात्र-छात्राओं के द्वारा झारखंड की स्थापना दिवस पर गीत एवं नृत्य प्रस्तुत किया गया जो काफी प्रशंसनीय रहा।




