जमशेदपुर : बुधवार को बहरागोड़ा-डिमना मार्ग के शंकोसाई रोड नंबर-1 से रोड नंबर-5 के बीच एक उग्र सांड ने हंगामा मचा दिया। लगभग डेढ़ दर्जन लोगों को उसने घायल कर दिया, जिनमें तीन को एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, गंभीर रूप से जख्मी चंदेश्वर प्रसाद गुप्ता को टीएमएच भेजा गया।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, परंतु नगर निगम प्रशासन की ओर से अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया है। सुबह करीब 10 बजे शंकोसाई रोड नंबर-1 स्थित दुर्गा मंदिर के पास सबसे पहली वारदात हुई। ठेला लेकर निकले आजादी साहू (66) पर सांड ने पीछे से धावा बोल दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। थोड़ी देर बाद उसी इलाके में चंदेश्वर प्रसाद गुप्ता पर हमला हुआ, जिन्हें लोगों की मदद से अस्पताल भेजा गया। इसके बाद राजीव पथ के पास छवि मैथी (52) अपने बच्चे को ट्यूशन छोड़ने जा रही थीं, तभी सांड ने उन्हें भी गिरा दिया। तीसरी घटना में मजदूर गुना राम टुडू पर भी सांड ने वार किया। स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। लगातार हमलों से लोग भयभीत हैं और प्रशासन की निष्क्रियता को लेकर नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं।




