गिरिडीह : निमियाघाट थाना क्षेत्र के गट्टीगढ़ा गांव के समीप बुढ़िया नदी के किनारे मंगलवार की सुबह एक युवक का शव पाया गया। युवक की शिनाख्त टेगरकलां निवासी स्व भीम सिंह के पुत्र मनोज कुमार सिंह 35 वर्ष के रूप में हुई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर थाना ले गयी।

बाद में मृतक की पत्नी द्वारा शव का पोस्टमार्टम नहीं कराने के लिखित आवेदन पर पुलिस शव को उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया। घटना के संबंध में बताया जाता है कि मृतक छठ के मौके पर अपनी पत्नी और बच्चे के साथ गट्टीगढ़ा स्थित ससुराल आया था। सोमवार की सुबह वह किसी को बताए बिना घर से निकल गया। देर शाम जब वह ससुराल नहीं लौटा तब परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। मंगलवार की सुबह जब मृतक का साढ़ू नदी शौच के लिये आया तो वहां उसका शव पड़ा मिला। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गयी। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चा छोड़ गया है। मृतक खुद मजदूरी का काम करता था। मृतक का एक भाई है जो दुबई में काम करता है।




