रांची : भाजपा द्वारा आहूत कोल्हान बंद का जिले भर में मिला-जुला असर देखने को मिला, जबकि चाईबासा शहर में बंद का व्यापक प्रभाव रहा। बंद के समर्थन में भाजपा कार्यकर्ता सुबह से ही सड़कों पर उतरकर दुकानदारों और आम लोगों से शांतिपूर्ण ढंग से बंद का समर्थन करने की अपील करते नजर आए। शहर के बाजार क्षेत्र में ज्यादातर दुकानें बंद रहीं और सड़कों पर यातायात सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम रहा।
लंबी दूरी की बस सेवाएं ठप रहीं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई ग्रामीण प्रखंडों में भाजपा समर्थकों ने टायर जलाकर सड़कों को अवरुद्ध किया, हालांकि बाद में पुलिस ने रास्ता साफ करा दिया।अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार, बंद पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रहा है और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे तथा संवेदनशील इलाकों में पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई थी।

इस दौरान भाजपा नेत्री गीता बालमुचू ने कहा कि ग्रामीणों की नो एंट्री लागू करने की मांग जायज है, लेकिन सरकार ने उनकी आवाज़ को दबाने के लिए बल प्रयोग किया है। उन्होंने कहा ग्रामीणों के शांतिपूर्ण आंदोलन पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े जाना बेहद निंदनीय है। सरकार जनता की आवाज़ को बलपूर्वक दबाने का प्रयास कर रही है।भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने ग्रामीणों की मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की, तो पुरे झारखंड में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।




