गिरिडीह : धनवार थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक बड़े बाइक चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से छह चोरी की मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार हुए हैं। जानकारी के मुताबिक सोमवार को पुलिस अधीक्षक के पास गुप्त सूचना मिली थी कि धनवार क्षेत्र के बरजो की तरफ से चोरी की एक नीले रंग की अपाची बाइक लाई जा रही है।
सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस की गश्ती टीम ने इरगा नदी के पास वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान एक नीले रंग की अपाची मोटरसाइकिल (नं० JH02J7878) आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक बाइक मोड़कर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान मनउवर अंसारी के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह हिंदुस्तान बाइक सर्विस सेंटर चलाता है। वहीं उसकी मुलाकात साथी अब्दुल सत्तार अंसारी से हुई। सत्तार ने उसे लालच दिया कि बिहार से चोरी की बाइकें एक व्यक्ति अमर चौधरी लाकर देता है, जिन्हें गैरेज में मॉडिफाई कर बेचने से अच्छा मुनाफा होगा। इसी योजना के तहत दोनों चोरी की नीली अपाची बाइक लेकर बेचने की फिराक में थे।

पुलिस पूछताछ और छापेमारी में मनउवर अंसारी के पास से दो और बाइक (एक पैशन प्रो और एक यामाहा फेज़र) व एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। वहीं उसके साथी अब्दुल सत्तार अंसारी के पास से दो मोटरसाइकिल (एक नीली अपाची और एक हीरो स्प्लेंडर) तथा एक मोबाइल मिला। सत्तार की निशानदेही पर उनके एक अन्य साथी आजाद अंसारी, पिता- मो. अनवर अंसारी, निवासी- लकठाही, थाना धनवार के पास से भी एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की गई। कुल मिलाकर पुलिस ने छह चोरी की मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। छापामारी दल में सत्येंद्र कुमार पाल (थाना प्रभारी धनवार), मणिकांत कुमार (थाना प्रभारी जमुआ), धर्मेंद्र अग्रवाल (प्रभारी घोड़थम्भा ओपी), पु.अ.नि. नवल किशोर शर्मा और स.अ.नि. महती राम टुडू सहित पुलिस बल मौजूद थे।




