बोकारो : जिले में आजीविका और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शनिवार को उपायुक्त अजय नाथ झा एवं उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और हरी झंडी दिखाकर आजीविका एक्सप्रेस योजना के तहत वाहनों को रवाना किया। इस मौके पर उपस्थित ग्रामीण महिलाएं और सखी मंडल की दीदियां उत्साह से भरी रहीं। सभी ने माना कि यह योजना उनके लिए आर्थिक आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बनेगी।
महिला समूहों को मिला नया संबल – योजना अंतर्गत प्रखंड चंदनकियारी की चंद्रा संकुल स्तरीय संगठन और प्रखंड चास की जागृति शक्ति मंडल से जुड़ी मां दुर्गा सखी मंडल की लाभुक दीदी सुमन कुमारी को लाभ प्रदान किया गया। इस पहल से संकुल स्तरीय संगठनों को विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियों के माध्यम से आय में वृद्धि होगी। सखी मंडल की दीदियां बाजार में सामान ढुलाई और यात्रियों के आवागमन से प्रत्यक्ष आय अर्जित कर पाएंगी। ग्रामीण स्तर पर महिला उद्यमिता और स्वावलंबन को गति मिलेगी। मौके पर दीदी सुमन कुमारी ने कहा कि पहले हम दूसरों पर निर्भर थे, अब खुद अपने वाहन से आय का साधन बना सकेंगे। यह योजना हमें आत्मनिर्भर बनाएगी।

जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता – मौके पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि आजीविका एक्सप्रेस योजना ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का माध्यम है। इससे वे आर्थिक रूप से मजबूत होंगी और अपने परिवार व समाज को बेहतर भविष्य दे सकेंगी। प्रशासन का पूरा प्रयास रहेगा कि ऐसी योजनाओं से अधिक से अधिक महिलाएं जुड़ें। वहीं, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के बिना समाज का विकास अधूरा है। यह पहल महिलाओं को स्वरोजगार की ओर अग्रसर करेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगी। मौके पर जेएसएलपीएस डीपीएम अनिल डुंगडुंग, बीपीएम चंदनकियारी प्रभात कुमार, बीपीएम चास आनंद कुमार, बीपीओ सुभाष कुमार – विक्रांत कुमार, सीसी उज्जवल कुमार, एडमिन रजनीकांत -अशोक कुमार, चंद्रा संकुल संगठन की अध्यक्ष तारा हेंब्रम, सचिव यास्मीनसाथ ही चास ब्लॉक की अन्य सखी मंडल की दीदियां उपस्थित थी।



