धनबाद : बीसीसीएल के मुनीडीह क्षेत्र में स्थित इंदू आउटसोर्सिंग कंपनी के वरिष्ठ पदाधिकारी गोपाल रेड्डी पर अज्ञात युवक ने जानलेवा हमला कर दिया। शनिवार सुबह गोपाल रेड्डी जब काली मंदिर में दर्शन के बाद अपनी कार में बैठे, तभी बाइक पर आए हमलावर ने उन पर गोलियां चला दीं। एक गोली कार के अगले हिस्से में लगी, जबकि दूसरी गोली दरवाजा चीरते हुए उनकी जांघ में धंस गई।

घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घायल अधिकारी को तत्काल उनके चालक द्वारा पहले आवास और फिर एंबुलेंस के माध्यम से असर्फी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वारदात के बाद अपराधी फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मुनीडीह ओपी और पुटकी थाना की टीम घटनास्थल पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस मंदिर के पास दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावर की पहचान की जा सके।बताया जा रहा है कि गोपाल रेड्डी हाल ही में इंदू कंपनी से जुड़े थे। सुबह का समय होने के कारण घटनास्थल पर चश्मदीद कम थे, जिससे अपराधी की दिशा पता नहीं चल सकी। कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी अस्पताल में जुटे हैं।



