Saraikela (संजीव मेहता) : आदित्यपुर में वृहत जलापूर्ति योजना का काम कर रहे .जिंदल के कर्मचारियों पर पिछले दिनों कुछ युवकों ने आधी रात को जानलेवा हमला किया था, इस मामले में कल आदित्यपुर पुलिस ने तीन आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेजा है. बता दें कि इमली चौक के पास जलापूर्ति कार्य में जुटी जिंदल एजेंसी के कर्मचारियों पर जानलेवा हमला किया गया था.

गिरफ्तार युवकों में मेहुल जयसवाल, धरुण महतो और विशाल महतो शामिल हैं. इन पर आरोप है कि बीते 19-20 सितंबर की रात को उन्होंने जेडब्ल्यूआईसी इंफ्रा लिमिटेड कंपनी के कर्मचारी प्रेम राज समेत अन्य पर ईंट, पत्थर, लाठी और लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था. इस मामले में पुलिस कप्तान मुकेश लुनायत के निर्देश पर आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद कुमार तिर्की के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था, जिसने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है. थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उन पर भी कार्रवाई की जाएगी.



