सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र में इन दिनों थाना प्रभारी संजीव कुमार द्वारा लगातार विशेष एंटी क्राइम चेकिंग मुहिम चलाई जा रही है। इस मुहिम का नेतृत्व स्वयं आरआईटी थाना प्रभारी संजीव कुमार कर रहे हैं। अभियान के तहत थाना क्षेत्र में सघन चेकिंग की जा रही है, जिसका उद्देश्य अपराध पर नियंत्रण और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना है। थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि यह चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है और इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आए हैं। पुलिस को इस दौरान कई सफलताएं प्राप्त हुई हैं। नशीले पदार्थों की बरामदगी, संदिग्ध लोगों की गिरफ्तारी और अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने में पुलिस को उल्लेखनीय कामयाबी मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि यह अभियान न केवल अपराधियों के विरुद्ध है, बल्कि नशीले पदार्थों की तस्करी, संगठित अपराध और अन्य अवैध गतिविधियों को जड़ से खत्म करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

इस मुहिम के तहत पुलिस द्वारा मुख्य चौक-चौराहों, सड़कों और संवेदनशील इलाकों में वाहनों की जांच की जा रही है। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। थाना प्रभारी ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में इस प्रकार की चेकिंग और भी सख्ती से की जाएगी, जिससे असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाया जा सके ।थाना प्रभारी संजीव कुमार ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी को भी किसी प्रकार की अवैध गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति के बारे में जानकारी मिलती है, तो वे तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने यह आश्वासन भी दिया कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और हर हाल में उचित कार्रवाई की जाएगी। यह विशेष चेकिंग अभियान पुलिस और जनता के सहयोग से अपराधमुक्त समाज की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हो रही है।




