सरायकेला खरसावां : चांडिल थाना क्षेत्र के फदलोगोड़ा में गुरुवार को भारी बारिश के बाद एनएचएआई की लापरवाही से हालात बेकाबू हो गए। काली मंदिर के पास टाटा-रांची नेशनल हाईवे और टाटा-पूरुलिया मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो गए, जिससे दोनों प्रमुख मार्गों पर यातायात ठप हो गया। हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोग कई घंटे जाम में फंसे रहे। फदलोगोड़ा स्थित आशियाना वुडलैंड कॉलोनी में हालात और भयावह हैं। कॉलोनी में 15-20 फीट पानी भर गया है, जिससे ग्राउंड फ्लोर के सभी मकान डूब चुके हैं। सैकड़ों लोग घरों में फंसे हुए हैं, जबकि कई वाहन पानी में डूब गए हैं।

प्रशासन ने आपात राहत के तहत फोरलेन सड़क को काटकर जलनिकासी की कोशिश की, पर भारी जलभराव के कारण राहत कार्य प्रभावित हो रहा है। स्थानीय नागरिकों ने फ्लाईओवर निर्माण के दौरान पुराने नाले को बंद करने को बड़ी चूक बताते हुए एनएचएआई को जिम्मेदार ठहराया है। प्रभावित लोगों ने स्थायी जलनिकासी व्यवस्था और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग से यातायात बहाल करने के निर्देश दिए हैं।




