रांची : झारखंड सरकार ने राज्य के सरकारी अस्पतालों में सुधार लाने के उद्देश्य से एक उच्चस्तरीय समिति के गठन का निर्णय लिया है। यह समिति स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर प्रबंधन और प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक बदलावों पर काम करेगी। वर्तमान में डॉक्टरों पर न केवल इलाज बल्कि अस्पतालों के प्रशासनिक कामकाज की भी जिम्मेदारी है, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।

इसे देखते हुए सरकार अब प्रशासनिक कार्यों और चिकित्सा सेवाओं को अलग-अलग जिम्मेदार टीमों को सौंपने की योजना बना रही है। इस नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक पदाधिकारी की जिम्मेदारियों को स्पष्ट रूप से परिभाषित किया जाएगा ताकि जवाबदेही तय की जा सके और कामकाज में पारदर्शिता आए। पूर्व मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी इस उच्चस्तरीय समिति के अध्यक्ष होंगे। उनके साथ पूर्व अपर सचिव आलोक त्रिवेदी सहित कुछ अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस समिति का हिस्सा होंगे। समिति का उद्देश्य अस्पतालों के संचालन मॉडल में आवश्यक परिवर्तन सुझाना और उसे लागू करने की रूपरेखा तैयार करना होगा। इससे राज्य में सरकारी अस्पतालों की कार्यप्रणाली में सुधार आने की उम्मीद है और मरीजों को बेहतर इलाज व सुविधाएं मिल सकेंगी।




