पूर्वी सिंहभूम : पूर्वी सिंहभूम जिले में 15 से 30 जून तक धरती आबा जनभागीदारी अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य विशेष रूप से PVTG एवं अनुसूचित जनजाति बहुल गांवों तक केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाना है। अभियान को लेकर जमशेदपुर समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को सांसद विद्युत वरण महतो, जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त सचिव बृजनंदन प्रसाद, उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने हस्ताक्षर अभियान में भाग लेकर धरती आबा जनभागीदारी अभियान के सफल संचालन एवं जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया। इस मौके पर संयुक्त सचिव बृजनंदन प्रसाद, ने बताया कि इस अभियान के तहत ग्राम स्तर पर विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में योग्य लाभुकों का आधार कार्ड पंजीकरण, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत कार्ड, पीएम किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, सहित राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने आमजनों से अपील की कि वे इन शिविरों में आकर योजनाओं का लाभ उठाएं और अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी निभाएं।




