दिल्ली ( प्रतीक सिंह ) : भारतीय सेना की गजराज कोर द्वारा मिली अहम जानकारी के आधार पर असम पुलिस की विशेष शाखा और स्पेशल टास्क फोर्स ने मिलकर एक फर्जी सिम कार्ड गिरोह का भंडाफोड़ किया। यह अभियान ‘ऑपरेशन घोस्ट सिम’ के तहत अंजाम दिया गया, जिसकी शुरुआत 16 मई से हुई थी। असम पुलिस प्रमुख हरदीप सिंह ने शनिवार को मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान इसकी जानकारी साझा की।

यह नेटवर्क असम, राजस्थान और तेलंगाना में सक्रिय था। 14 मई को एसटीएफ थाना, असम में मामला पंजीकृत हुआ था (केस नं. STF PS 02/2025) जिसमें विभिन्न धाराएं लगाई गईं, जिनमें BNS, यूएपीए और आईटी अधिनियम शामिल हैं। अभियान के दौरान सात लोगों को अलग-अलग राज्यों से पकड़ा गया। इनमें राजस्थान, असम और तेलंगाना के निवासी शामिल हैं। इसके अलावा धुबरी से 14 अन्य संदिग्धों को पूछताछ हेतु हिरासत में लिया गया है। गिरफ्तार किए गए लोगों के पास से 948 सिम कार्ड और कई डिजिटल डिवाइस जब्त किए गए। सभी संदिग्धों से पूछताछ जारी है और इस नेटवर्क के पीछे के पूरे तंत्र की जांच की जा रही है। मामला संवेदनशील है और जांच में और खुलासे संभव हैं।




