जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के नरगा डैम में नहाने के दौरान दो युवक नदी में डूब गए । मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के कासगंज मोहल्ला चौक निवासी 21 वर्षीय गौरव सिंह और 19 वर्ष के अभिषेक कुमार के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार रविवार के दोपहर में चार युवक नरगा डैम घूमने आए थे। इनमें से दो युवक गौरव और अभिषेक डैम में नहाने उतरे, जबकि उनके भाई और एक अन्य किनारे खड़े थे।

नहाने के दौरान गौरव डूबने लगा यह देख उसे बचाने के प्रयास में अभिषेक भी डूब गया। सोमवार को दोनों युवकों के शव पानी में तैरते हुए दिखाई दिए। जिसके बाद गोताखोरों की सहयोग से दोनों शवों को बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि दोनों युवक जमशेदपुर के माचाबेड़ा इलाके में बांस का घर बनाने का काम करते थे और गोविंदपुर के माचाडीह गांव में किराए पर रह रहे थे। पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की औपचारिक जांच कर रही है।




