दिल्ली ( प्रतीक सिंह ) : भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए बीसीसीआई ने अहम निर्णय लिया है। इंडियन प्रीमियर लीग 2025 को फिलहाल के लिए रोक दिया गया है। बीसीसीआई के एक वरिष्ठ सदस्य ने कहा कि जब राष्ट्र संघर्ष की स्थिति में हो, तब खेल गतिविधियों को जारी रखना मुनासिब नहीं।

8 मई को धर्मशाला में आयोजित होने वाला पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबला भी स्थगित कर दिया गया। मौजूदा परिदृश्य को देखते हुए, दोनों टीमों के खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला जाएगा। उन्हें सड़क मार्ग से सुरक्षित स्थान पर ले जाने की योजना है। यह कदम देशहित में उठाया गया है, ताकि सभी प्रतिभागियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। बीसीसीआई ने साफ कर दिया है कि हालात सामान्य होने तक प्रतियोगिता के फिर से शुरू होने की कोई संभावना नहीं है। यह निर्णय सभी हितधारकों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है।




