जमशेदपुर : झारखंड के चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत डुमरडीहा गांव में बुधवार की सुबह एक भटकते जंगली हाथी ने उत्पात मचाया। इस दौरान 70 वर्षीय महिला बेहुला नायक की जान चली गई, जबकि एक अन्य महिला, शांति देवी खटुआ, गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। बताया जा रहा है कि यह हाथी पश्चिम बंगाल की सीमा से इलाके में दाखिल हुआ था।

बेहुला नायक अपने घर के समीप झाड़ियों की ओर प्राकृतिक क्रिया के लिए गई थीं, तभी अचानक हाथी ने उन पर धावा बोल दिया। उसने उन्हें सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और कुछ समय बाद उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद हाथी ने आगे बढ़ते हुए उदाल गांव की ओर रुख किया, जहां वह शांति देवी खटुआ से टकराया, जो जंगल में पत्ते इकट्ठा कर रही थीं। हमला इतना भीषण था कि वह बुरी तरह घायल हो गईं। उनके परिवारजन तत्काल उन्हें इलाज हेतु झाड़ग्राम अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें कटक अस्पताल रेफर कर दिया गया। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और वन विभाग की टीम को सूचित कर दिया गया है।




