जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने मंगलवार को राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात कर जमशेदपुर औद्योगिक नगर समिति के गठन पर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि समिति में आम नागरिकों के निर्वाचित या नामित प्रतिनिधियों को शामिल नहीं किया गया है, जो स्थानीय प्रशासन की मूल भावना के विरुद्ध है।

श्री राय ने राज्यपाल को याद दिलाया कि उन्होंने पूर्व में इस विषय पर ज्ञापन सौंपा था, जिस पर कार्यवाही हेतु मुख्य सचिव को निर्देशित किया गया था, लेकिन अब तक कोई सूचना नहीं मिली है। उन्होंने यह भी बताया कि समिति में सरकार और टाटा स्टील के प्रतिनिधियों को प्राथमिकता दी गई है, जो लोकतांत्रिक सिद्धांतों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने औद्योगिक नगर समिति में सेवा प्रदाता के साथ-साथ स्थानीय हितधारकों और सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी की मांग की। इसके अलावा, उन्होंने शिकायत निवारण के लिए एक विशेष प्रकोष्ठ बनाए जाने की भी आवश्यकता जताई। श्री राय ने कहा कि टाटा लीज समझौते की समाप्ति के बाद सेवा व्यवस्था की स्पष्टता जरूरी है। राज्यपाल ने आश्वासन दिया कि वे समिति के स्वरूप में आवश्यक संशोधन कराने और इसे संवैधानिक ढांचे के अनुरूप बनाने के लिए कदम उठाएंगे।




