दिल्ली ( प्रतीक सिंह ) : भारत ने आतंकवाद के खिलाफ अपने रुख को और मजबूत करते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की शुरुआत की है। इस सैन्य कार्रवाई में भारतीय वायुसेना ने देर रात करीब डेढ़ बजे पाकिस्तान और कब्जे वाले कश्मीर में मौजूद नौ आतंकी अड्डों पर लक्षित हमला किया। यह जवाबी कार्रवाई उस हमले के 15 दिन बाद की गई है जो पहलगाम में हुआ था।

टारगेट किए गए स्थानों में बहावलपुर, मुरीदके, बाघ, कोटली और मुजफ्फराबाद शामिल हैं। ये वही स्थान हैं जहां भारत पर आतंकी गतिविधियों की योजना बनाई जा रही थी। भारतीय पक्ष ने स्पष्ट किया है कि सैन्य प्रतिष्ठानों को नुकसान नहीं पहुंचाया गया, केवल चरमपंथियों के अड्डों को ही लक्ष्य बनाया गया। इस संयुक्त मिशन में वायुसेना के साथ-साथ जमीनी बलों ने भी भूमिका निभाई। स्ट्राइक में उच्च सटीकता वाले हथियारों का उपयोग किया गया। वहीं, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने आरोप लगाया है कि भारत ने रिहायशी क्षेत्रों को निशाना बनाया, जबकि सरकारी मीडिया ने भारतीय लड़ाकू विमानों को गिराने का दावा किया है।स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और पाकिस्तान के कुछ इलाकों में संचार सेवाओं पर रोक लगाए जाने की संभावना जताई गई है।




