राँची : आज झारखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश, ओले और तेज गर्जना की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने राज्य के 20 जिलों में चेतावनी जारी की है। रविवार को तेज बौछार के साथ आंधी की आशंका है, जिसकी रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। नागरिकों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।

बीते 24 घंटों में तापमान में 3 डिग्री की वृद्धि हुई है और 6 मई के बाद से गर्मी और बढ़ने के आसार हैं। अगले कुछ दिनों में तापमान में लगभग 4 डिग्री तक इजाफा संभव है, जिससे असहज स्थिति बन सकती है। हालांकि बादल छाए रहने से सीधी धूप से कुछ राहत मिलेगी, लेकिन नमी की अधिकता से उमस की समस्या बढ़ेगी। राज्य के अलग-अलग शहरों में तापमान अलग-अलग रहेगा। रांची में अधिकतम 31 और न्यूनतम 21 डिग्री, जमशेदपुर में 36 और 26 डिग्री, धनबाद में 34 और 24 डिग्री, डाल्टनगंज व मेदिनीनगर में 36 और 24 डिग्री, देवघर में 33 और 24 डिग्री जबकि मैक्लूसकीगंज में 32 और 21 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।



