रांची : रांची कांके थाना क्षेत्र में पूर्व जिला परिषद सदस्य अनिल टाइगर की हत्या के विरोध में राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों ने आज गुरुवार को रांची बंद का आह्वान किया है। बुधवार को कांके चौक के पास अपराधियों ने अनिल टाइगर को गोली मार दी । जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल एक अपराधी को पिठौरिया से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त कर ली है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि अनिल टाइगर की हत्या का कारण जमीन विवाद हो सकता है। घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और कांके चौक पर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। लोगों ने अपराधियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों ने इस घटना के विरोध में बंद का एलान करते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए हैं और प्रशासन असफल साबित हो रहा है। बंद को लेकर सुरक्षा के मद्देनजर रांची में पुलिस बल तैनात किया गया है।




