Saraikela : औद्योगिक क्षेत्र के कामगारों की समस्या पर इन दिनों जेकेएलएम (झारखंड क्रांतिकारी लोकतांत्रिक मोर्चा) की पैनी नजर है. पिछले दिनों कई कंपनियों की समस्याओं को लेकर धरना प्रदर्शन में मोर्चा के लोगों की सक्रिय सहभागिता देखी जा रही है. अब ताजा मामला प्रोवेश इंजीनियरिंग के कामगारों की है जिसके पक्ष में जेकेएलएम के लोग आगे आए हैं. बता दें कि आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के इंटरनेशनल कंपनी प्रोवेश इंजीनियरिंग के बाहर मजदूरों ने सोमवार से अनिश्चित कालीन धरना की शुरुआत की है.

कंपनी के मजदूरों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन ने उन्हें 10 से 15 वर्षों तक काम कराने के बावजूद पीएफ, ईएसआई की सुविधा तक नहीं दी. वहीं एक मजदूर को काम के दौरान मोबाइल फोन पर मैसेज देखने मात्र से ही काम से निकाल दिया गया है. इसी बात से गुस्साए कामगारों ने अपने मांगों को लेकर सोमवार से मजदूरों ने कंपनी गेट के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना की शुरुआत की है. इधर कंपनी प्रबंधन का कहना है कि देर से ही भले लेकिन मजदूरों को पेमेंट दिया गया है. कंपनी के प्लांट हेड मृत्युंजय चौधरी ने कहा कि कई मजदूर का मामला कोर्ट में विचाराधीन है. नतीजतन उन्हें भुगतान नहीं किया जा रहा है. वहीं प्रदर्शन कर रहे मजदूरों को झारखंड क्रांतिकारी लोकतांत्रिक मोर्चा का भी समर्थन मिल रहा है.




