Saraikela (संजीव मेहता) :
मुस्लिम बस्ती का शातिर अपराधी औऱ कुख्यात अपराधी कादिम खान का साला और ड्रग क्वीन डोली परवीन का भाई अफसर अली की हत्या कर दी गई है. गम्हरिया पुलिस ने उसका शव देर रात सीतारामपुर डैम के पास से बरामद किया है. उसके पॉकेट से पुलिस को ब्राउन शुगर मिला है. बताया जाता है कि सीतारामपुर डैम के पास अपराधियों ने शुक्रवार देर शाम मुस्लिम बस्ती एच रोड निवासी कुख्यात ड्रग पेडलर अफसर अली की गोली मारकर हत्या कर दी थी. गोली मृतक के सिर में मारी गई है जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. देर रात इसकी जानकारी गम्हरिया पुलिस को हुई. जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में ले लिया है और आगे मामले की जांच में जुट गई है. गम्हरिया पुलिस के अनुसार मृतक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में कई बार जेल जा चुका है.
मृतक अफ़सर अली आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती में ब्राउन शुगर का कारोबार करता था. पुलिस ने उसे कई बार ब्राउन शुगर की खरीद बिक्री के धंधे में शामिल होने पर जेल भी भेजा था. फिलहाल वह जमानत पर बाहर था. इधर घटना के संबंध में गम्हरिया थाना प्रभारी कुणाल कुमार ने बताया है कि मृतक अफसर अली ब्राउन शुगर का नशा करता था. मृतक के पॉकेट से भी ब्राउन शुगर की पुड़िया पुलिस को मिली है. पुलिस हत्या की वजहों की जांच कर रही है.




