रांची: झारखंड की राजधानी रांची में 20 फरवरी की सुबह अचानक मौसम बदल गया। तड़के 5:45 बजे से तेज बारिश शुरू हुई, जो करीब 45 मिनट तक जारी रही। इसके बाद भी रुक-रुक कर बारिश हो रही है। लगातार हो रही बारिश से ठंडक बढ़ गई है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने पहले ही राज्य में बारिश की संभावना जताई थी। पूर्वानुमान के अनुसार, 18 फरवरी से बादल छाए रहने की स्थिति बनी हुई है और 22 फरवरी तक कई जिलों में वर्षा होने की संभावना है। 19 फरवरी को राज्य के दक्षिण-पूर्वी भाग में बारिश हुई थी, जबकि 20 फरवरी को दक्षिण और मध्य क्षेत्रों में वर्षा का अनुमान था।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है और वज्रपात की भी आशंका है। तापमान में 4-5 डिग्री तक गिरावट संभव है। हाल के दिनों में गर्मी का अहसास बढ़ने से लोगों ने ऊनी कपड़े हटा दिए थे, लेकिन ठंड लौटने से अब फिर से गर्म कपड़े निकालने पड़े हैं। अगले कुछ दिनों तक ठंडी हवाओं का असर बना रह सकता है।




