सरायकेला: सरायकेला खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी (DSWO) सत्या ठाकुर ने आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को मिलने वाले पोषाहार, प्री-स्कूल शिक्षा, साफ-सफाई, उपस्थिति पंजी और अन्य सुविधाओं की जांच की। उन्होंने आंगनबाड़ी सेविकाओं से केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति, पोषण स्तर और टीकाकरण से जुड़ी जानकारियां लीं।

निरीक्षण के दौरान कुछ आंगनबाड़ी केंद्रों में अव्यवस्थाएं पाई गईं, जिन पर सत्या ठाकुर ने नाराजगी जताई और संबंधित कर्मियों को सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने सेविकाओं को बच्चों को गुणवत्तापूर्ण भोजन और शिक्षा देने पर जोर देने की बात कही। साथ ही, माता-पिता को बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए जागरूक करने के निर्देश भी दिए। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ सही तरीके से हर बच्चे तक पहुँचे, यह सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगली बार निरीक्षण में लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




