सरायकेला-खरसावां: जिला खनन विभाग, अंचलाधिकारी (कुकड़ू) तथा तिरुलडीह थाना की संयुक्त टीम ने मंगलवार को औचक निरीक्षण कर तिरुलडीह थाना अंतर्गत स्वर्णरेखा नदी किनारे स्थित सपादा गांव के पास से लगभग **9600 CFT अवैध बालू भंडारण** जब्त किया। जब्त बालू को विधिवत रूप से ग्राम प्रधान, सपादा को सुपुर्द किया गया। खनन विभाग द्वारा इस मामले में अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। टीम ने मौके पर मौजूद व्यक्तियों से पूछताछ भी की, लेकिन किसी ने जब्त बालू के स्वामित्व को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी। अधिकारियों ने कहा कि अवैध खनन व भंडारण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

निरीक्षण के दौरान टीम ने तिरुलडीह पुलिया और आसपास के घाटों का भी जायजा लिया, लेकिन वहां किसी प्रकार के अवैध बालू खनन या परिवहन की गतिविधि नहीं पाई गई। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में अवैध खनन या भंडारण पकड़ा गया तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। खनन विभाग ने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे अवैध खनन की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि नदी एवं पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।




