सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के कपाली ओपी थाना क्षेत्र के अंतर्गत अंसार नगर, डैमडुबी में कपाली थाना प्रभारी सोनू कुमार ने एक विशेष छापेमारी अभियान चलाकर अवैध हथियारों के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी सोनू कुमार को सूचना मिली थी कि अंसार नगर के एक घर में अवैध हथियार रखे गए हैं। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देते हुए कपाली ओपी प्रभारी सोनू कुमार ने पुलिस टीम के साथ त्वरित कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान 23 वर्षीय शेख समीर उर्फ शेख सदाब की निशानदेही पर 35 वर्षीय अरबाज अंसारी के घर से एक लोडेड देशी पिस्टल, दो जिंदा गोलियां और एक जियो कंपनी का की-पैड मोबाइल बरामद किया गया।

मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट 1959 की धारा 25 (1-बी) ए/26/35 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अरबाज अंसारी, शेख समीर और अफाक शामिल हैं। अफाक को भी पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरफ़्तार किया। पकड़े गए तीनों आरोपियों को 25 अक्टूबर 2024 को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस छापेमारी अभियान में ओपी प्रभारी सोनू कुमार, एएसआई कौशल कुमार और सअनि मो. वसीर खान सहित अन्य सशस्त्र बल शामिल थे।




