सहरसा : बैजनाथपुर स्थित खजूरी गांव में सड़क विवाद ने उद्योग विभाग के रिटायर्ड महाप्रबंधक (जीएम) जवाहर पासवान (67) की जान ले ली। जवाहर अपने घर के सामने की गली की दीवार में प्लास्टर करवा रहे थे, जिससे उनके पड़ोसी रमेश पासवान और उनके परिवार को असुविधा हो रही थी। उन्हें दो दिनों के लिए वैकल्पिक रास्ते से जाने को कहा गया था। हालांकि, इस अस्थायी व्यवस्था से नाराज रमेश ने गुरुवार को काम रुकवा दिया और कहा कि यह गली किसी की निजी संपत्ति नहीं है।स्थिति इतनी बिगड़ गई कि रमेश ने अपने दोनों बेटों के साथ मिलकर जवाहर की पत्नी, फूल कुमारी देवी, से मारपीट शुरू कर दी। जब जवाहर अपनी पत्नी को बचाने आए, तो उन्हें लोहे की रॉड और लाठी से बेरहमी से पीटा गया।

गंभीर रूप से घायल अवस्था में जवाहर को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हिंसक घटना के बाद से रमेश पासवान और उनके दोनों बेटे फरार हैं। पुलिस का कहना है कि यह विवाद जमीन से जुड़ा हुआ था। जवाहर के परिवार ने बताया कि प्लास्टर का काम गली की खराब हालत के कारण किया जा रहा था, और अस्थायी रूप से रास्ता बंद करने का निर्णय लिया गया था।




